फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति 5.0 के तहत छात्रा शैलेजा पाठक बनीं एक दिन की मुख्य चिकित्साधिकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अक्टूबर 2025 मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में कनोडिया इंटर कॉलेज, लोहाई रोड फर्रुखाबाद की कक्षा-12 की छात्रा कु. शैलेजा पाठक को एक दिन के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO), फर्रुखाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

एक दिन की मुख्य चिकित्साधिकारी के रूप में पदभार संभालते हुए कु. शैलेजा पाठक ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय एवं ए.एन.एम. प्रशिक्षण केंद्र, फतेहगढ़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना आवश्यक है ताकि जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त हों। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने और कार्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

यह अवसर मिशन शक्ति अभियान के उस उद्देश्य को और मजबूती देता है, जिसके तहत बालिकाओं और महिलाओं को नेतृत्व और निर्णय लेने की क्षमता के लिए प्रेरित किया जा रहा है।