अयोध्या:हिंदी प्रचार प्रसार सेवा संस्थान द्वारा अयोध्या में हिंदी सेवकों का सम्मान, स्वामी पागल दास जी बोले – “हिंदी के बिना नहीं हो सकती भारत की वास्तविक प्रगति”

अयोध्या:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जुलाई 2025 मातृभाषा हिंदी के समग्र उत्थान के प्रति समर्पित हिंदी प्रचार प्रसार सेवा संस्थान द्वारा एक गरिमामयी समारोह का आयोजन श्री सीताराम आश्रम, खिलौना कुंज, मातगैंड अयोध्या में किया गया। इस अवसर पर संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सम्राट अशोक मौर्य एवं संस्थान द्वारा प्रकाशित लोकप्रिय साहित्यिक पत्रिका “साहित्य सम्राट” के सह-सम्पादक राम केर सिंह को हिंदी के समुन्नयन में उनके योगदान हेतु श्री महंत स्वामी पागल दास जी महाराज द्वारा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर स्वामी पागल दास जी महाराज ने कहा, “हिंदी को जब तक हम आत्मसात नहीं करेंगे, तब तक भारत की सच्ची प्रगति संभव नहीं है। सरकार को चाहिए कि वह यथाशीघ्र हिंदी को राष्ट्रभाषा घोषित करे और विश्व पटल पर इसके गौरव को पुनः स्थापित करे। हिंदी के संरक्षण से ही भारतीय संस्कृति और सभ्यता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।”

इस अवसर पर डॉ. सम्राट अशोक मौर्य ने कहा, “हमें संपूर्ण भारत में एक जन आंदोलन के रूप में हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने के लिए संघर्ष करना होगा। यह केवल भाषा का प्रश्न नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और राष्ट्रीय अस्मिता का विषय है।” उन्होंने हाल ही में महाराष्ट्र में हिंदी के विरोध में उठी आवाजों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि, “मातृभाषा का सम्मान हर नागरिक का कर्तव्य है, और जब तक यह सम्मान नहीं दिया जाएगा, तब तक राष्ट्र का संपूर्ण विकास अधूरा रहेगा।”

कार्यक्रम में अनेक साहित्यकार, भाषाप्रेमी, शिक्षाविद् व समाजसेवी उपस्थित रहे और हिंदी के संरक्षण व प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।

यह आयोजन हिंदी प्रेमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और एक नई जागरूकता की शुरुआत मानी जा रही है।