Monday, 14 September 2026 | 9:21 PM
India

चार हफ्ते के लिए ब्रिटेन में बढ़ा लॉकडाउन, पीएम जॉनसन बोले- उम्मीद है 19 जुलाई को खत्म हो जाएंगी सभी पाबंदियां

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (British Prime Minister Borish Johnson) ने सोमवार को लॉकडाउन (Lockdown) संबंधी सभी पाबंदियों को समाप्त करने की अवधि को चार सप्ताह और टालते हुए इसे 19 जुलाई तक बढ़ा दिया. इससे पहले यह पाबंदियां 21 जून को समाप्त होने जा रही थीं. जॉनसन ने कहा कि कोरोना वायरस (Coronav
Share:
चार हफ्ते के लिए ब्रिटेन में बढ़ा लॉकडाउन, पीएम जॉनसन बोले- उम्मीद है 19 जुलाई को खत्म हो जाएंगी सभी पाबंदियां
Read in your preferred language.

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (British Prime Minister Borish Johnson) ने सोमवार को लॉकडाउन (Lockdown) संबंधी सभी पाबंदियों को समाप्त करने की अवधि को चार सप्ताह और टालते हुए इसे 19 जुलाई तक बढ़ा दिया. इससे पहले यह पाबंदियां 21 जून को समाप्त होने जा रही थीं. जॉनसन ने कहा कि कोरोना वायरस (Coronavirus) के डेल्टा स्वरूप के चलते संक्रमण के मामलों और अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी संबंधी चिंता बरकरार है.

प्रधानमंत्री की इस घोषणा के साथ ही अब ‘फ्रीडम डे’ 19 जुलाई को मनाया जाएगा जो कि लॉकडाउन समाप्त होने की खुशी में मनाया जाना है. जॉनसन ने कहा कि अभी थोड़ा और इंतजार करना बेहतर होगा. साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि 19 जुलाई पाबंदियों को समाप्त करने का अंतिम दिन होगा और इसे और विस्तार देने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब हम 40 साल की उम्र से अधिक के लोगों को कोविड-19 टीके की दूसरी खुराक देने में तेजी लाएंगे ताकि उन्हें वायरस से अधिकतम सुरक्षा मिल सके. बता दें कि कोरोना के डेल्टा वैरिएंट में ब्रिटेन में संक्रमण की चिंता को बढ़ा दिया है. ब्रिटेन में बीते शुक्रवार को कोविड-19 के 8,125 नए मामले रिपोर्ट किए गए थे. फरवरी के बाद एक दिन सामने आई संक्रमितों की ये सबसे अधिक संख्या थी.

पीएम जॉनसन ने कहा था कि मई में लॉकडाउन प्रतिबंधों ढील दिए जाने के बाद से ही इस बात की संभावना थी कि नए मामलों में इजाफा हो सकता है. उन्होंने कहा था कि सभी कोरोनोवायरस प्रतिबंधों को समाप्त किया जा सकता है या नहीं, इसकी कुंजी यह होगी कि क्या ब्रिटेन में तेजी से वैक्सीनेशन की वजह से नए मामलों और मृतकों की संख्या में कमी आई है या नहीं.

ब्रिटेन में कोविड-19 से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 1,27,000 से अधिक है. हालांकि प्रतिदिन कोविड से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है. ऐसा देशव्यापी लॉकडाउन की वजह से हुआ है. इसके अलावा, वैक्सीनेशन ने भी इसमें एक प्रमुख भूमिका निभाई है.