Monday, 14 September 2026 | 10:06 PM
India

सेमीफाइनल में टीम मैनेजमेंट किसके लिए करेगा माथापच्ची, आइये जानते हैं

चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष एमएसके प्रसाद का मानना है कि गुरुवार को एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक में से किसी एक को चुनने का सही फैसला करना टीम प्रबंधन के लिए आसान नहीं होगा। जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 12 चरण के अंतिम मैच के अलावा भारत ने इस प्रतिष्ठि
Share:
सेमीफाइनल में टीम मैनेजमेंट किसके लिए करेगा माथापच्ची, आइये जानते हैं
Read in your preferred language.

चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष एमएसके प्रसाद का मानना है कि गुरुवार को एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक में से किसी एक को चुनने का सही फैसला करना टीम प्रबंधन के लिए आसान नहीं होगा। जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 12 चरण के अंतिम मैच के अलावा भारत ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों में कार्तिक को पंत पर तरजीह दी है।
हालांकि, कार्तिकफिनिशर की अपनी भूमिका पर खरे नहीं उतर पाए हैं, जबकि पंत भी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अब तक मिले मौकों में प्रभावित करने में नाकाम रहे हैं। एमएसके प्रसाद ने पीटीआई को दिए इंटरव्यू में कहा, ''गुरुवार को महत्वपूर्ण बहस या मुद्दा यह रहेगा कि कप्तान और कोच अपनी अंतिम एकादश में क्या चाहते हैं। अगर वे इंग्लैंड को असहज करने के लिए शीर्ष क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाज को चाहते हैं तो वे पंत को टीम में शामिल कर सकते हैं, लेकिन अगर वे फिनिशर को चाहते हैं तो वे इस काम के लिए कार्तिक के नाम पर विचार कर सकते हैं।''
उन्होंने कहा, ''निश्चित तौर पर टीम के सामने बहस का सिर्फ यही मुद्दा है। यह देखना रोचक होगा कि अंत में किसे मौका मिलता है। मुझे यकीन है कि बाकी टीम में कोई बदलाव नहीं होगा।'' पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि भारत जब 2010 के चैंपियन इंग्लैंड से भिड़ेगा तो शीर्ष क्रम की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। पूर्व चयनकर्ता ने कहा, ''दूसरे सेमीफाइनल में कोई स्पष्ट प्रबल दावेदार नहीं है। दोनों टीम अच्छी हैं। भारत के लिए शीर्ष क्रम का प्रदर्शन महत्वपूर्ण होगा।'
एमएसके प्रसाद ने कहा, ''भारत को अच्छी सलामी साझेदारी की जरूरत है। मुझे लगता है कि कप्तान रोहित शर्मा को जिम्मेदारी लेनी होगी। वह बड़े मुकाबलों का खिलाड़ी है और मुझे लगता है कि वह बड़ी पारी खेलने वाला है। केएल राहुल को उसका अच्छा साथ निभाना होगा और विराट कोहली को अपनी शानदार फॉर्म जारी रखनी होगी। अगर शीर्ष तीन में से दो बल्लेबाज अच्छा करते हैं तो भारत के पास इंग्लैंड को हराने का काफी अच्छा मौका होगा।''