फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जून 2026 जनपद में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक का संचालन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. विजय कुमार यादव ने किया। इस दौरान 15 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह को जनपदभर में व्यापक जनसहभागिता और जनजागरूकता के साथ मनाने की योजना तैयार की गई।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों तथा सामाजिक संगठनों के सहयोग से बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ सकें और इसके स्वास्थ्य लाभों को समझ सकें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 जून को योग सप्ताह का उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, जबकि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य जनपदीय कार्यक्रम स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम, फर्रुखाबाद में आयोजित होगा। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि तहसील, विकास खंड और ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे योग को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय स्थापित करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने योग सप्ताह के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली से संबंधित जनजागरूकता अभियानों को भी कार्यक्रमों से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, जनपद के सभी चिकित्साधिकारी, योग प्रशिक्षक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक तथा विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी योग संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी विभागों एवं संस्थाओं से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा इसके सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया गया।
